लातेहार : 15 अगस्त से लापता किशोर की हत्या का खुलासा, दो गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
लातेहार: मनिका थाना क्षेत्र से 15 अगस्त से लापता 16 वर्षीय किशोर छोटू कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर बंशीनाला (कुमंडीह) जंगल से किशोर का कंकाल, स्कूल ड्रेस और चप्पल बरामद की गई है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच-19जी-5090), मृतक का मोबाइल फोन समेत कुल तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, किशोर के पिता कृष्णा प्रसाद ने मनिका थाना में अपने नाबालिग बेटे के लापता होने के बाद अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी लातेहार के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कुछ संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई।

मोबाइल छीनने का किया था प्रयास
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किशोर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के बाद उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। किशोर ने इसका विरोध किया तो उसे बंशीनाला के जंगल की ओर ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, वहीं कथित तौर पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई और शव को जंगल में छिपा दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेमचंद भुइंया (19) और शिवम भुइंया उर्फ श्याम (20) के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया, जहां से किशोर के अवशेष बरामद किए गए। घटनास्थल से स्कूल ड्रेस और चप्पल भी मिली है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों में पहुंची महिला, पायल और नथिया लेकर फरार
जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में दो आभूषण दुकानों में ग्राहक बनकर पहुंची एक महिला पर आभूषण चोरी कर फरार होने का आरोप…

जमशेदपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, रोड रोलर से कुचलकर नष्ट किए साइलेंसर
जमशेदपुर। दुर्गा पूजा से पहले शहर में तेज और असामान्य आवाज करने वाली बाइकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई तेज कर…

















