रेडियम रोड की दुकान में 15.70 लाख की सिगरेट चोरी का खुलासा, दो गिरफ्तार

रांची: रेडियम रोड स्थित सुवालाल गोपीलाल जैन की दुकान में ताला तोड़कर हुई करीब 15.70 लाख रुपये की सिगरेट चोरी के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की सिगरेट और मोबाइल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर करीब 3 हजार रुपये नकद, बिना सिम का एक पुराना मोबाइल और लगभग 15.70 लाख रुपये मूल्य की सिगरेट चोरी कर ली थी। मामले में दुकान के आवेदक विनायक भारती के लिखित आवेदन पर कोतवाली थाना कांड संख्या 220/2026, 27 सितंबर को दर्ज किया गया था।

मामले के त्वरित अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कुन्दन वर्मा और विजय रजक उर्फ लल्लु को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग कंपनियों की सिगरेट से भरे छह बैग और तीन झोले तथा चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी कुन्दन वर्मा हरमू रोड स्थित शिवाजी लेन चौक का रहने वाला है, जबकि विजय रजक उर्फ लल्लु न्यू किशोरगंज रोड नंबर 6/2 का निवासी है। पुलिस के अनुसार, कुन्दन वर्मा का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जाने का रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाने में चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।

एड्स नियंत्रण को लेकर गुमला में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया बचाव का संदेश
निर्मल सिंह गुमला: झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान में जिले में एड्स नियंत्रण एवं बचाव को लेकर सघन जागरूकता अभियान…

चौकीदारों को क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने का निर्देश, कार्यों और दायित्वों की की गई समीक्षा
सिमडेगा: जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में चौकीदार परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव खोटरे के निर्देश…
















