पुलिस के सायरन से टूटा चोरों का हौसला! बैंक ऑफ इंडिया का ग्रिल तोड़कर घुसे चोर, ताला तोड़ने के बाद भी नहीं कर सके वारदात
सरायकेला में डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बैंक ऑफ इंडिया को चोरों ने बनाया निशाना, मुख्य गेट का ताला तोड़ा; स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती को बताया चोरी की कोशिश नाकाम होने की वजह
सरायकेला: झारखंड के सरायकेला में चोरों ने बैंक ऑफ इंडिया की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी का प्रयास किया। डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बैंक की शाखा में चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया। हालांकि, वे बैंक के अंदर प्रवेश करने में सफल नहीं हो सके। शनिवार की सुबह बैंक के ग्रिल का ताला टूटा हुआ मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि बैंक में चोरी की कोई बड़ी वारदात नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोरों ने बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार को निशाना बनाया था। लेकिन ताला तोड़ने के बाद भी वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

पुलिस के सायरन ने बिगाड़ा चोरों का खेल
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार की देर रात इलाके में पुलिस की गश्ती गाड़ी लगातार सायरन बजाते हुए गुजर रही थी। रात में पुलिस की गाड़ी करीब चार से पांच बार इलाके में आती-जाती है। शुक्रवार की रात भी पुलिस की लगातार गश्ती जारी थी।
लोगों का मानना है कि पुलिस के सायरन और लगातार गश्त के कारण चोरों को बैंक के अंदर घुसने का मौका नहीं मिला। यही वजह रही कि मुख्य गेट का ताला तोड़ने के बावजूद चोर बैंक के भीतर नहीं पहुंच सके और एक बड़ी घटना टल गई।

थाना प्रभारी खुद कर रहे थे रात में गश्ती
जमशेदपुर में बैंक डकैती की घटना के बाद सरायकेला पुलिस भी बैंकों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा को लेकर सतर्क है। थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में रात के समय लगातार गश्ती की जा रही है।
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शुक्रवार की रात वह स्वयं डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बस्ती से होकर गुजरे थे। रात करीब एक बजे तक इलाके में पुलिस की गश्ती जारी थी। पुलिस का उद्देश्य रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोकना है।

बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बैंक में चोरी के प्रयास की घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं। उनका कहना है कि बैंक जैसे संवेदनशील संस्थान में मजबूत ताले और अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय होने चाहिए।
जमशेदपुर में बैंक डकैती की घटना के बाद सरायकेला में बैंक को निशाना बनाए जाने की कोशिश ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का सवाल है कि जब बैंक के मुख्य गेट का ताला आसानी से तोड़ा जा सकता है, तो सुरक्षा इंतजामों की नियमित जांच क्यों नहीं की जा रही है?
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी की कोशिश में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से आए थे। घटना के बाद बैंक प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर भी नजर रहेगी।

धनबाद में आधी रात सबसे बड़ा साइबर रेड! 150 जवानों ने घेरा पूरा गांव, 11 साइबर ठग गिरफ्तार
ग्रामीण एसपी समेत 20 से अधिक पुलिस अधिकारियों की अगुवाई में मेगा ऑपरेशन, 2.85 लाख रुपये नकद, 19 मोबाइल और कई बैंक…

एशियन गेम्स 2026: पाकिस्तान को हराकर भारत ने जीता गोल्ड, पुरुष क्रिकेट में लगातार दूसरी बार बना चैंपियन
एशियन गेम्स 2026 : फाइनल में 19 रन से दर्ज की जीत, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने बल्ले से मचाया धमाल;…

















