पटना में रांची के रिटायर्ड इंजीनियर का कार में मिला शव, गर्दन में लगी थी गोली; पिस्टल बरामद

पटना: बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क किनारे खड़ी एक कार से रांची निवासी सेवानिवृत्त इंजीनियर आलोक कुमार का शव बरामद किया गया। उनके गर्दन में गोली लगी थी। कार से एक पिस्टल भी मिली है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, राजीव नगर इलाके में सड़क किनारे काफी देर से खड़ी एक कार को देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। कार के अंदर झांकने पर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में दिखाई दिया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची राजीव नगर थाने की पुलिस ने जांच के बाद शव को कार से बाहर निकाला और अपने कब्जे में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में मृतक की गर्दन में गोली लगने की बात सामने आई है। कार के अंदर से एक पिस्टल भी बरामद की गई है। हालांकि, गोली चलने की परिस्थितियों और घटना में बरामद पिस्टल के इस्तेमाल की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने कार से फिंगरप्रिंट, खून के नमूने और अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि कार के वहां पहुंचने के समय और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी मिल सके।

बताया जा रहा है कि आलोक कुमार मूल रूप से बिहार के मोतिहारी के रहने वाले थे और लंबे समय से रांची में रह रहे थे। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह पटना कब और किस उद्देश्य से पहुंचे थे। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सरायकेला में बैंक ऑफ इंडिया में चोरी का प्रयास, ताला तोड़ा; ग्रामीणों की सतर्कता से टली वारदात
सरायकेला: सरायकेला में चोरों ने जिला समाहरणालय के समीप स्थित बैंक ऑफ इंडिया को निशाना बनाने का प्रयास किया। शुक्रवार देर रात…

पुलिस के सायरन से टूटा चोरों का हौसला! बैंक ऑफ इंडिया का ग्रिल तोड़कर घुसे चोर, ताला तोड़ने के बाद भी नहीं कर सके वारदात
सरायकेला में डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बैंक ऑफ इंडिया को चोरों ने बनाया निशाना, मुख्य गेट का ताला तोड़ा; स्थानीय लोगों…
















