खूंटी में तिग्गा नदी पुल के नीचे मैदा के बोरे में मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह तिग्गा नदी पुल के नीचे मैदा के बोरे में बंद एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। हालांकि, मौत के कारणों और युवती की पहचान का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

घटना कर्रा-लोधमा-धुर्वा मुख्य मार्ग पर कच्चाबारी पंचायत के तिग्गा नदी पुल के नीचे की है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पुल के नीचे एक संदिग्ध बोरा पड़ा देखा। संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना कर्रा थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे की जांच की, तो उसके अंदर युवती का शव मिला। शव मैदा के बोरे में बंद था। पुलिस के अनुसार, युवती ने केवल शर्ट पहन रखी थी और बोरे में रखे होने के कारण उसके शरीर पर मैदा लगा हुआ था।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को तिग्गा नदी पुल के नीचे फेंका गया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों के संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी छानबीन कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से युवती की मौत के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के सायरन से टूटा चोरों का हौसला! बैंक ऑफ इंडिया का ग्रिल तोड़कर घुसे चोर, ताला तोड़ने के बाद भी नहीं कर सके वारदात
सरायकेला में डीसी ऑफिस के पीछे स्थित बैंक ऑफ इंडिया को चोरों ने बनाया निशाना, मुख्य गेट का ताला तोड़ा; स्थानीय लोगों…

NH-33 पर पलटी कोलकाता-रांची जा रही शिवम बस, 20 से अधिक यात्री घायल
सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। झाबरी गांव के समीप एनएच-33 पर कोलकाता से…
















