साहिबगंज में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गला रेतकर हत्या, मोहनपुर चौक के पास मिला शव

साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में रविवार सुबह हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले गौर चंद्र बागती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव मोहनपुर चौक के पास मुख्य सड़क पर खून से लथपथ मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गौर चंद्र बागती रोज की तरह रविवार सुबह भी टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। धारदार हथियार से गले पर वार किए जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।

सुबह सड़क से गुजर रहे लोगों ने शव देखा तो स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस को इसकी सूचना दी। मृतक की पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। हत्या की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

सूचना पर राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ की। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

रांची के होटल में पुलिस की दबिश, आधा दर्जन से अधिक युवतियां मिलीं; युवकों से पूछताछ
रांची: कचहरी चौक के पास स्थित एक होटल में पुलिस की छापेमारी के बाद कथित अनैतिक गतिविधियों का मामला सामने आया है।…
रांची सहित पूरे झारखंड में आज साफ और शुष्क रहेगा मौसम, बारिश की कोई आशंका नहीं
रांची: मौसम विभाग के अनुसार आज रविवार को राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने…

















