bindal-mall-udipi-shooting-revealed-eight

बिंदल मॉल उडिपी गोलीकांड का खुलासा, आठ आरोपी गिरफ्तार

Share
Link copied
bindal-mall-udipi-shooting-revealed-eight
bindal-mall-udipi-shooting-revealed-eight

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने शूटरों, साजिशकर्ताओं और सहयोगियों समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन पिस्टल, छह गोलियां, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक राउटर बरामद किया गया है।

Advertisment
Advertisment

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे उडिपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैम्सन, रिजवान, दानिश और कृष्णा चौधरी को निशाना बनाकर करीब 12 राउंड फायरिंग की गई थी। घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी का इलाज टीएमएच में कराया गया। घटना के बाद एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य शूटरों और साजिश में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी शुरू की।

Advertisment
Advertisment

पुलिस ने मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को डोबो पुल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने घटना में इस्तेमाल हथियारों को मरीन ड्राइव स्थित फागूबाबा आश्रम के पीछे झाड़ियों में छिपाने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वहां से दो पिस्टल और गोलियां बरामद कीं। हथियार बरामद करने के बाद लौटते समय अजीत मंडल ने एक पुलिसकर्मी का सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, चेतावनी के बावजूद उसने टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी तीन राउंड गोली चलाई। इस दौरान अजीत मंडल और मोहन यादव के पैर के निचले हिस्से में गोली लगी। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया।

Advertisment
Advertisment

इस घटना को लेकर सोनारी थाना में पुलिस अभिरक्षा से भागने, सरकारी हथियार छीनने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 7 अक्टूबर को अविनाश ठाकुर और रूपेश सिंह को भी गिरफ्तार किया। अविनाश के पास से 9 एमएम की लोडेड पिस्टल, अतिरिक्त लोडेड मैगजीन और गोलीकांड में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई। मामले में ओम सिंह उर्फ ओम बच्चा समेत अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हुई है।

Advertisment
Advertisment

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पहले से भी हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामलों में संलिप्तता का इतिहास रहा है। अजीत मंडल के खिलाफ सीतारामडेरा थाना में हत्या समेत कई मामले दर्ज हैं। एक हत्या के मामले में उसे 27 नवंबर 2019 को जिला न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले भी दर्ज हैं।

RKDF
advertisement

वहीं, मोहन यादव के खिलाफ सोनारी थाना में हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे उडिपी रेस्टोरेंट गोलीकांड का मुख्य आरोपी बताया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारियों और बरामदगी के बाद गोलीकांड की साजिश, शूटरों और सहयोगियों से जुड़ी कई अहम कड़ियां सामने आई हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।