एसआईआर-2026: 10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क, 12 से 16 तक आउटरीच अभियान

रांची: एसआईआर-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र भारतीय नागरिकों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क लगाया जाएगा। वहीं, 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच अभियान चलाकर कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक निर्वाचन विभाग की टीम पहुंचेगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को सभी जिलों के जिला सामाजिक सुरक्षा/समाज कल्याण पदाधिकारियों और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने एसआईआर के तहत अब तक छूटे पात्र नागरिकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मेगा हेल्प डेस्क पर एसआईआर से संबंधित लंबित मामलों के साथ-साथ No Mapping और Anomalies से जुड़े मामलों में भी पात्र नागरिकों को जानकारी और आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर मेगा हेल्प डेस्क में BLA-2 की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बीएलए-2 अपने क्षेत्र के मतदाताओं की समस्याओं को बीएलओ के साथ होने वाली बैठकों में रखें, ताकि जरूरत के अनुसार समन्वय कर समाधान किया जा सके।
कमजोर वर्गों तक पहुंचेगी टीम

12 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष आउटरीच अभियान में बीएलओ और संबंधित पदाधिकारी वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, ट्रांसजेंडर, सेक्स वर्कर तथा अन्य कमजोर एवं वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक पहुंचेंगे। उन्हें दस्तावेज, सत्यापन और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

वृद्धाश्रम, आश्रयगृह, शक्ति सदन, अनाथालय और अन्य संस्थानों में रहने वाले पात्र नागरिकों तक भी पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग और निर्वाचन विभाग आपसी समन्वय से ऐसे नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्र, घोषणा-पत्र और अन्य प्रक्रियाओं में सहयोग करेंगे।

के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत यह सुनिश्चित किया जाना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र या विदेशी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज ठाकुर समेत सभी जिलों के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

मंडल कारा के औचक निरीक्षण में रसोईघर की सफाई में मिली कमी, डालसा सचिव ने दिए सुधार के निर्देश
सिमडेगा: झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की सचिव मरियम हेमरोम ने गुरुवार को मंडल कारा…

रूपी सोरेन को अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी मुखाग्नि, नेमरा में उमड़ा जनसैलाब
रामगढ़/नेमरा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पूजनीय माता रूपी सोरेन का गुरुवार को उनके पैतृक गांव नेमरा स्थित श्मशान घाट पर पूरे सम्मान…
















