principal-clerk-arrested-taking-bribe-rs

जमीन विवाद का जजमेंट लिखने के नाम पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते प्रधान लिपिक गिरफ्तार

Share
Link copied

चतरा में ACB हजारीबाग की कार्रवाई, शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल; कार्यालय में बंद कमरे और अलमारी की तलाशी, दस्तावेजों की छायाप्रति भी साथ ले गई टीम

चतरा। चतरा अनुमंडल कार्यालय में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), हजारीबाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक वासुदेव राम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई हंटरगंज प्रखंड निवासी बिलास यादव की शिकायत के आधार पर की गई।
बताया गया कि धारा 145 के तहत चल रहे जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में लंबित जजमेंट लिखने के नाम पर प्रधान लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत ACB से की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद टीम ने गुरुवार को कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। निर्धारित योजना के तहत जैसे ही वासुदेव राम ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये लिए, ACB की टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने कार्यालय में ही उनसे पूछताछ और आवश्यक कागजी कार्रवाई शुरू की।

RKDF
advertisement

कमरे का दरवाजा बंद होने पर कर्मचारियों ने जताई आपत्ति

कार्रवाई के दौरान ACB की टीम वासुदेव राम को उसी कार्यालय के एक कमरे में ले गई। कमरे का दरवाजा बंद किए जाने पर कुछ कर्मचारियों ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई। कर्मचारियों के विरोध के बाद ACB की टीम ने दरवाजा खोल दिया और आगे की कार्रवाई जारी रखी।इसके बाद टीम ने उस कमरे की भी तलाशी ली, जहां प्रधान लिपिक बैठते थे। अधिकारियों ने गोदरेज अलमारी, दराज और अन्य स्थानों को खंगाला। कमरे में रखे दस्तावेजों और अभिलेखों की भी जांच की गई।

Advertisment
Advertisment

कई दस्तावेजों की छायाप्रति साथ ले गई टीम

तलाशी के दौरान ACB की टीम ने जांच के लिए आवश्यक समझे गए कई दस्तावेजों की छायाप्रति अपने साथ ली। टीम ने लंबे समय तक कार्यालय के रिकॉर्ड और संबंधित कागजात की जांच की।ACB की कार्रवाई की खबर फैलते ही अनुमंडल कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों के बीच भी मामले को लेकर चर्चा होती रही।

Advertisment
Advertisment

हजारीबाग ले गई ACB की टीम

कार्रवाई पूरी करने के बाद ACB की टीम गिरफ्तार प्रधान लिपिक वासुदेव राम को अपने साथ हजारीबाग ले गई। वहां उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जमीन विवाद से जुड़े मामले में जजमेंट लिखने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में हुई इस कार्रवाई के बाद अब ACB द्वारा जब्त अथवा जांच के लिए लिए गए दस्तावेज भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इनकी जांच से मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकता है।

 

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।