स्वर्णिम सफलता के बाद सिमडेगा लौटीं हॉकी खिलाड़ी सलीमा, ब्यूटी और दीपिका, हुआ भव्य स्वागत

सिमडेगा: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली सिमडेगा की तीन बेटियों के शनिवार को अपनी धरती पर लौटने पर जिले में उत्साह का माहौल रहा। टीम की कप्तान सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग का सिमडेगा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम के समीप जिला प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। उपायुक्त कंचन सिंह सहित जिले के अधिकारियों, खेल पदाधिकारियों और हॉकी से जुड़े लोगों ने तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।

सिमडेगा की इन तीनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पहचान बनाई है। उनकी सफलता जिले की समृद्ध हॉकी परंपरा को नई मजबूती देने के साथ ही उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने लेकर मैदान में अभ्यास कर रहे हैं।

उपायुक्त कंचन सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उनकी उपलब्धि से सिमडेगा का गौरव बढ़ा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ियों की सफलता से जिले की युवा प्रतिभाएं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां, खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी।

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने अपने गृह जिले में मिले सम्मान और आत्मीय स्वागत पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि सिमडेगा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यहां की बेटियों को अपने सपनों पर भरोसा रखते हुए मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जिले की और भी बेटियां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।

सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग की उपलब्धि ने एक बार फिर सिमडेगा को हॉकी के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान दिलाई है। तीनों खिलाड़ियों का स्वागत जिले की उस खेल संस्कृति का सम्मान भी रहा, जिसने ग्रामीण परिवेश से निकलकर कई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है।

स्वागत समारोह में अपर समाहर्ता गिरजा शंकर महतो, एसडीओ सुमंत तिर्की, एनडीसी नरेश रजक, जिला खेल पदाधिकारी मनोज कुमार, हॉकी सिमडेगा और हॉकी झारखंड के पदाधिकारी, प्रशिक्षु खिलाड़ी तथा बालिका उच्च विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

रायडीह में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 से अधिक ग्रामीणों की हुई जांच
निर्मल सिंह गुमला: ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास संवाद संस्था की ओर से टीडीएच परियोजना…

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने हेमंत सोरेन से की मुलाकात, स्व. रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि
रामगढ़: केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी शनिवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास…
















