बोकारो के ESL वेदांता स्टील प्लांट में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत, जांच कराएगी कंपनी
हजारीबाग और धनबाद के रहने वाले थे मृतक, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में स्थित ESL वेदांता स्टील प्लांट में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना चंदनकियारी प्रखंड के सियालजोड़ी थाना क्षेत्र स्थित स्टील प्लांट की है। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मिली जानकारी के अनुसार, दोनों श्रमिक प्लांट में काम कर रहे थे। इसी दौरान वे गैस के संपर्क में आ गए। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल तलगड़िया मोड़ स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद प्लांट में काम करने वाले श्रमिकों के बीच शोक का माहौल है।
कंपनी ने जताया दुख, स्वतंत्र जांच का आश्वासन
घटना को लेकर ESL स्टील लिमिटेड ने बयान जारी कर दुख जताया है। कंपनी के अनुसार, प्लांट परिसर में गैस के संपर्क में आने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें कंपनी के एक कर्मचारी और एक बिजनेस पार्टनर के श्रमिक की मौत हो गई। कंपनी ने दोनों मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही कंपनी ने घटना की स्वतंत्र जांच कराने और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाने की बात कही है।
गैस रिसाव के कारणों की जांच जरूरी
स्टील प्लांट में गैस के संपर्क में आने से हुई दो श्रमिकों की मौत ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, घटना के पीछे गैस के प्रकार, उसके संपर्क में आने की परिस्थितियों और सुरक्षा उपायों में किसी चूक की आधिकारिक जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। इन पहलुओं की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

एमजीएम अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने मशीन तोड़ी
इलाज में लापरवाही का आरोप; अस्पताल प्रबंधन ने किया खंडन, पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला जमशेदपुर। डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल…

कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार पर नाबालिग से यौन शोषण का आरोप, पुलिस कार्रवाई से मचा हड़कंप
हजारीबाग की रहने वाली है पीड़िता, इलाज के सिलसिले में डॉक्टर के संपर्क में आने की बात; मामले की जांच में जुटी…
















