सड़क हादसे में किसान की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल; चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के लगिया मोड़ के पास रविवार रात हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार किसान आकाश पूर्ति (50) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मीना पूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में मीना का दाहिना हाथ टूट गया है। उनका इलाज सदर अस्पताल चाईबासा में चल रहा है। आकाश की मौत से उनके चार बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

परिजनों के अनुसार, पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के पांड्राशाली गांव निवासी आकाश पूर्ति शनिवार को अपनी पत्नी मीना के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकेला स्थित ससुराल गए थे। रविवार रात दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगिया मोड़ के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने आकाश के ससुराल पक्ष को जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाने लगे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद आकाश को मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी। दुर्घटना में घायल मीना पूर्ति का अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत और स्वास्थ्य से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

आकाश की बहन क्रिस्टीना बानरा और बेटे हरिचरण पूर्ति ने बताया कि वह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की आजीविका का मुख्य आधार वही थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल आकाश पूर्ति का शव सदर अस्पताल चाईबासा में रखा गया है।

चुट्टूपालू घाटी में भीषण हादसा, कंटेनर के नीचे दबी कार; महिला समेत दो की मौत
रामगढ़: रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में रविवार रात रांची-पटना मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों…
रांची सहित पूरे झारखंड में आज साफ से आंशिक बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश की संभावना
रांची: सोमवार को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ से आंशिक रूप से बादल वाला रहने की संभावना है। राजधानी रांची…
















