सिमडेगा में नाबालिगों को वाहन चलाते पकड़ा, पुलिस ने परिजनों को दी चेतावनी

सिमडेगा: जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और अपराध नियंत्रण को लेकर सिमडेगा पुलिस का सघन वाहन जांच एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान जारी है। इस दौरान वाहन चलाते पकड़े गए नाबालिग स्कूली छात्रों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई और चेतावनी के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्रीकांत राव खोटरे के निर्देश पर जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही वाहनों के दस्तावेजों, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन पर भी नजर रखी जा रही है।

जांच के दौरान नाबालिगों के वाहन चलाने के मामलों पर विशेष निगरानी रखी गई। पकड़े गए छात्रों के परिजनों को थाने बुलाकर उनकी मौजूदगी में बच्चों को सड़क सुरक्षा और कम उम्र में वाहन चलाने के खतरों के बारे में समझाया गया। पुलिस ने अभिभावकों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। कम उम्र में वाहन चलाने से न केवल बच्चों, बल्कि अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में वाहन जांच और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नीला ड्रम हत्याकांड: मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा, अदालत का बड़ा फैसला
मेरठ में पति सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में दोनों दोषियों को मृत्युदंड सुनाए जाने का दावा मेरठ। बहुचर्चित नीला ड्रम…
CCL में CBI की कार्रवाई से हड़कंप, क्लर्क अभय कुमार बख्शी से पूछताछ जारी
भ्रष्टाचार के मामले में अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही जांच एजेंसी, घूसकांड से जुड़े अहम खुलासों की उम्मीद कोयलांचल। CCL में…















