fir-against-two-shankaracharya-motors-employees

वाहन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, शंकराचार्य मोटर्स के दो कर्मचारियों पर प्राथमिकी

Share
Link copied
fir-against-two-shankaracharya-motors-employees
fir-against-two-shankaracharya-motors-employees

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में वाहन दिलाने के नाम पर ग्राहकों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। गितीलीपी चौक स्थित शंकराचार्य मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के दो कर्मचारियों पर ग्राहकों से पैसे वसूलने और कंपनी के साथ वित्तीय अनियमितता करने का आरोप लगा है। कंपनी के प्रतिनिधि महेश कुमार चौहान की शिकायत पर मुफ्फसिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्राथमिकी में कंपनी के पूर्व सेल्स मैनेजर विदेश राय, निवासी जामियारा, बांंकुरा (पश्चिम बंगाल) और सेल्स पर्सन अभिषेक कुमार सिंह, निवासी आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां को आरोपी बनाया गया है। शिकायत के अनुसार, दोनों कर्मचारी ग्राहकों को वाहन उपलब्ध कराने का भरोसा देकर उनसे रकम लेते थे। इस दौरान कंपनी के साथ भी वित्तीय गड़बड़ी किए जाने का आरोप है।

कंपनी को कथित अनियमितताओं की जानकारी 14 मार्च 2026 को मिली। इसके बाद आंतरिक जांच कर वित्तीय लेनदेन का सत्यापन कराया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जांच के दौरान गड़बड़ियां सामने आईं। हालांकि, कथित ठगी की कुल राशि का स्पष्ट ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।

शिकायत में कहा गया है कि आंतरिक सत्यापन के बाद दोनों कर्मचारियों ने कंपनी आना बंद कर दिया। उनसे संपर्क करने की कोशिश भी सफल नहीं हुई और उनके मोबाइल फोन बंद होने की बात कही गई है। इधर, जिन ग्राहकों से वाहन दिलाने के नाम पर रकम लिए जाने का आरोप है, वे अपनी राशि वापस मांग रहे हैं।

कंपनी ने संबंधित दस्तावेजों के साथ पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। इसके आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 316(4), 318(4) और 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामले में आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।