flag-march-ranchi-durga-puja-drone

दुर्गा पूजा को लेकर रांची में फ्लैग मार्च, ड्रोन से संवेदनशील इलाकों की निगरानी

Share
Link copied
flag-march-ranchi-durga-puja-drone
flag-march-ranchi-durga-puja-drone

रांची: दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने गुरुवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फिरायालाल चौक से मेन रोड होते हुए सुजाता चौक तक निकाले गए मार्च के दौरान पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों और विसर्जन जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया गया। ड्रोन के जरिए भी महत्वपूर्ण स्थानों की निगरानी की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निकाले गए फ्लैग मार्च में नगर, ग्रामीण और यातायात पुलिस अधीक्षक, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी रांची, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, नगर पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मी शामिल हुए। इस दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और बाइक सवार पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर तैनात जवानों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया। कोतवाली और हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

रांची पुलिस ने आम लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है। पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की सलाह दी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील भी की गई है।

 

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।