deputy-commissioner-kanchan-singh-reached-korkotjor

कोरकोटजोर पहुंचीं उपायुक्त कंचन सिंह, जमीन पर बैठकर सुनीं मलार समाज की समस्याएं, सादरी भाषा में ग्रामीणों से किया संवाद

Share
Link copied
deputy-commissioner-kanchan-singh-reached-korkotjor
deputy-commissioner-kanchan-singh-reached-korkotjor

सिमडेगा: सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह रविवार को केरसई प्रखंड के कोरकोटजोर गांव पहुंचीं। यहां उन्होंने मलार समाज के महिला-पुरुषों और छात्र-छात्राओं के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। सादरी भाषा में ग्रामीणों से संवाद कर उन्होंने जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र, जमीन की ऑनलाइन रसीद और बच्चों के स्कूल में नामांकन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

कुछ दिन पहले मलार समाज के प्रतिनिधियों ने प्रमाण पत्र नहीं बनने की समस्या को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था। इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त सीधे गांव पहुंचीं और ग्रामीणों से उनकी परेशानियों की जानकारी ली। स्थानीय भाषा में आत्मीयता से बातचीत करने पर ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं।

उपायुक्त ने केरसई के अंचलाधिकारी देवकांत सिंह को कोरकोटजोर में विशेष कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। कैंप में जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र बनाने और जमीन की ऑनलाइन रसीद से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने वैसे बच्चों का दोबारा स्कूल में नामांकन सुनिश्चित कराने को भी कहा, जिनका नाम किसी कारणवश विद्यालय से कट गया है। इसके अलावा नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं और जरूरी दस्तावेजों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए प्रशासन को गांव पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

कोरकोटजोर के दौरे के क्रम में उपायुक्त ने उर्सुलाइन बालिका उच्च विद्यालय, रेंगरीह के छात्रावास में छात्राओं को मिल रही सुविधाओं, पढ़ाई, खान-पान और रहन-सहन की जानकारी ली। साथ ही एंजेला हेल्थ सेंटर की ओर से उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा की।

उपायुक्त की इस पहल से मलार समाज के ग्रामीणों में अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। इस दौरान एसडीओ सुमंत तिर्की, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार, अंचलाधिकारी देवकांत सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रेमा बड़ा, रवि गुप्ता, संजय प्रसाद, विकास कुमार, असरानी एक्का, देशु मलार, दीनू मलार सहित मलार समाज के अनेक महिला-पुरुष और ग्रामीण उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।