राजस्वकर्मी की हत्या के पीछे जमीन का खेल, दाखिल-खारिज में अड़ंगा बना मौत की वजह; तीन गिरफ्तार

रांची: अरगोड़ा अंचल के राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा हत्याकांड का रांची पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों प्रदीप गोसाई, अमित टोप्पो उर्फ अमित गोसाई और सिंटु कुमार गोसाई को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जमीन के दाखिल-खारिज और नामांतरण में आ रही बाधा हत्या की मुख्य वजह बनी। इस मामले में तीन अन्य नामजद आरोपियों समेत कुछ अज्ञात अपराधियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार स्थित आवास पर लक्ष्मीकांत मुंडा की हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। टीम में डीएसपी, एसडीपीओ बुंडू और विभिन्न थानों के प्रभारी शामिल थे। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की जांच में सामने आया कि अरगोड़ा अंचल के बड़ा घाघरा मौजा स्थित खाता संख्या 29 की 96 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गोसाई परिवार के सदस्यों ने जमीन की अलग-अलग रजिस्ट्री के आधार पर दाखिल-खारिज और म्यूटेशन के लिए अरगोड़ा अंचल में आवेदन दिया था। इन आवेदनों की स्थल जांच और दस्तावेजों का सत्यापन राजस्व कर्मचारी लक्ष्मीकांत मुंडा ने किया था।
जांच के दौरान जमीन के मूल दस्तावेजों और वंशावली में भिन्नता मिलने पर लक्ष्मीकांत मुंडा ने कई नामांतरण मामलों में प्रतिकूल रिपोर्ट देते हुए दाखिल-खारिज रद्द करने की अनुशंसा की थी। इसके आधार पर अंचलाधिकारी ने कुछ नामांतरण आवेदन अस्वीकृत कर दिए थे, जबकि कुछ मामले लंबित थे। पुलिस के अनुसार, इससे संबंधित लोगों को जमीन की बिक्री और दाखिल-खारिज कराने में परेशानी हो रही थी। जमीन के खरीदार भी नामांतरण और कब्जा दिलाने के लिए आरोपियों पर लगातार दबाव बना रहे थे।
पुलिस का कहना है कि राजस्व कर्मचारी की जांच रिपोर्ट से नाराज आरोपियों ने साजिश रचकर उनकी हत्या की योजना बनाई। गिरफ्तार आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हत्या की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, मामले में फरार भोला गोसाई, अमित सिंह और शैलेश समेत अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है।
रांची में राहुल दुबे गिरोह पर पुलिस का बड़ा प्रहार, छह अपराधी गिरफ्तार; मुठभेड़ में सौरव कुमार को लगी गोली
कांके के प्रेमनगर में कोयला कारोबारी के घर फायरिंग के बाद पुलिस ने चलाया अभियान, धुर्वा के सीठियो रिंग रोड पर हुई…

सिमडेगा के आश्रय गृहों की सुरक्षा व्यवस्था में मिली खामियां, तीन गृहों में गार्ड नहीं
सिमडेगा: झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर शुक्रवार को जिले में संचालित विभिन्न आश्रय गृहों का निरीक्षण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार…

















