त्रिपुरा में BSF जवानों पर तस्करों का हमला, तीन घायल; हथियार छीनने की भी कोशिश

त्रिपुरा के बॉक्सनगर स्थित आशाबाड़ी इलाके में तस्करों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों पर हमला कर दिया। सोमवार सुबह हुई इस घटना में तीन जवान घायल हो गए। हमलावरों ने जवानों के साथ मारपीट करने के अलावा उनके हथियार छीनने की भी कोशिश की। इस दौरान एक सरकारी वाहन समेत जवानों के वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है।
जानकारी के अनुसार, घटना आशाबाड़ी बॉर्डर आउटपोस्ट के पास भारत-बांग्लादेश सीमा पर हुई। बॉर्डर फेंसिंग के गेट नंबर 174 और 175 के नजदीक 49वीं बटालियन के जवानों ने कुछ लोगों को कथित तौर पर तस्करी का सामान ले जाने की कोशिश करते देखा। जवानों ने उन्हें रोकने और पकड़ने के लिए पीछा किया। इस दौरान संदिग्ध लोग अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। BSF के जवानों ने मौके से करीब 400 मीटर की दूरी पर हेफजुर रहमान नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा।

इसी बीच रहीमपुर कंतमुरा BOP के तीन जवान वाहन से बॉक्सनगर की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि नाकाबंदी के पास पहुंचते ही तस्करों के एक समूह ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। हमले में तीनों जवानों के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना में कुछ बांग्लादेशी नागरिकों के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हमले की सूचना मिलने के बाद आशाबाड़ी BOP से अतिरिक्त BSF जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद हमलावर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।

बताया जा रहा है कि घटनास्थल के सामने स्थित एक मकान में लगे CCTV कैमरे में हमले की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस और BSF की टीम फुटेज जुटाकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस और BSF अधिकारियों ने बॉक्सनगर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के जवानों की तैनाती की गई है।
बॉक्सनगर पुलिस हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। इस घटना ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क और सीमा सुरक्षा बल के जवानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

झारखंड में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे, कई जिलों में हल्की बारिश-मेघगर्जन की संभावना; रांची का तापमान 20-27 डिग्री के बीच रहेगा
रांची: भारतीय मौसम विभाग (IMD) और मौजूदा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार (3 नवंबर 2026) को झारखंड में मौसम का मिजाज मिश्रित रहने…
झारखंड में डी. फार्मा परीक्षा और निजी कॉलेजों के निबंधन में 100 करोड़ के घोटाले का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने CBI-ED जांच की मांग की
रांची: झारखंड के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य में डिप्लोमा इन फार्मेसी (डी. फार्मा) की परीक्षा, निजी फार्मेसी…

















