जामताड़ा में सड़क हादसों का कहर! तीन दुर्घटनाओं में दो की मौत, दो गंभीर; युवक की मौत पर 4 घंटे तक NH जाम
पबिया में आक्रोशित ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर किया प्रदर्शन, जातरा का उद्घाटन करने पहुंचे मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी झेलना पड़ा विरोध; धनबाद में इलाज के दौरान पारा शिक्षक ने तोड़ा दम
जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में सोमवार को सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के अलग-अलग इलाकों में हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार हुए हादसों के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं, एक युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे को करीब चार घंटे तक जाम रखा। इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

पबिया में अज्ञात वाहन ने युवक को कुचला, मौके पर मौत
पहली घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया स्थित केंदुआटांड़ के पास गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर हुई। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय आकाश सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि आकाश उदयपुर में आयोजित जातरा देखने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क हादसे का शिकार हो गए। युवक की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने मुआवजे और सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग को लेकर रात करीब 8:30 बजे हाईवे जाम कर दिया। जाम रात 12:30 बजे तक जारी रहा। इस दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर लंबी कतारें लग गईं। इसी बीच जातरा का उद्घाटन करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में प्रशासन की ओर से उचित आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।

ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में युवक गंभीर
दूसरी दुर्घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मोड़ के पास रात करीब 10:30 बजे हुई। यहां ट्रैक्टर और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में खरगोकुड़ी निवासी कालू रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से पारा शिक्षक की मौत
तीसरी घटना फतेहपुर प्रखंड के डुमरिया गांव के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से कठबरारी निवासी 45 वर्षीय चेतलाल मंडल और श्यामलाल मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। धनबाद में इलाज के दौरान चेतलाल मंडल ने दम तोड़ दिया। वह मध्य विद्यालय कठबरारी में पारा शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर है। वहीं, इस दुर्घटना में घायल श्यामलाल मंडल की हालत गंभीर बनी हुई है।
लगातार हादसों ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
जामताड़ा में एक ही दिन तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर हाईवे पर तेज रफ्तार और अज्ञात वाहनों से होने वाली दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दुर्घटनास्थलों पर जरूरी इंतजाम करने और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

13 लाख का इनामी नक्सली संजय यादव गिरफ्तार, 53 आपराधिक मामलों में था वांछित; निशानदेही पर हथियारों का जखीरा बरामद
झारखंड में 10 लाख और बिहार में तीन लाख रुपये का था इनाम, हुसैनाबाद के केमो प्रतापपुर गांव से SLR राइफल, 290…

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बिहार में फंसे गिरिडीह के आठ आदिवासी श्रमिकों का रेस्क्यू, सकुशल घर लौटे
गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर गिरिडीह जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के गया जिले में फंसे आठ…

छठ महापर्व को लेकर अलर्ट मोड में NDRF, धुर्वा डैम पहुंची टीम; जवानों ने किया रूट मार्च
रांची। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF – National Disaster Response Force)…


















