national-lok-adalat-december-12-preparations

12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक मामलों के निष्पादन की तैयारी तेज

Share
Link copied
national-lok-adalat-december-12-preparations
national-lok-adalat-december-12-preparations

सिमडेगा: आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली साल की चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसे लेकर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधान जिला जज ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और लंबित मामलों को चिह्नित कर उनके त्वरित निष्पादन की पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने उपभोक्ता अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कंज्यूमर फोरम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया।

वहीं, भू-अर्जन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को अधिग्रहित जमीन के बदले रैयतों को दिए गए मुआवजे की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया। रिपोर्ट में मुआवजा प्राप्त करने वाले रैयतों और अब तक भुगतान से वंचित लोगों की स्पष्ट जानकारी देने को कहा गया, ताकि लंबित मामलों के समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सुलह योग्य आपराधिक मामले, चेक बाउंस, बैंक ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना दावा, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद तथा बिजली-पानी से संबंधित विवादों का आपसी सहमति से निपटारा किया जा सकता है। इससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया और अनावश्यक खर्च से राहत मिलती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने बैठक में उपस्थित लोगों का स्वागत किया। प्राधिकार की ओर से आम लोगों से 12 दिसंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने और आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कराने की अपील की गई।

बैठक में एडीजे नरंजन सिंह, सीजेएम निताशा बारला, एसडीजेएम सुम्मी बीणा होरो, जेएम सुभाष बाड़ा, एसडीओ सुमंत तिर्की, डीएसपी रणवीर सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामप्रीत प्रसाद, सचिव प्रदुमन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।