arson-coal-laden-hywa-truck-khalari

खलारी में कोयला लदे हाईवा में आगजनी का खुलासा, चार गिरफ्तार; हथियार और कार बरामद

Share
Link copied
arson-coal-laden-hywa-truck-khalari
arson-coal-laden-hywa-truck-khalari

रांची: खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ में कोयला लदे हाईवा में आगजनी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को बड़कीटांड़ में कोयला लदे हाईवा में अज्ञात अपराधियों ने आग लगा दी थी। मामले की जांच के लिए ग्रामीण एसपी के निर्देशन और खलारी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, 22 नवंबर को सूचना मिली कि घटना में शामिल कुछ अपराधी लेवी की रकम नहीं मिलने के कारण दोबारा वारदात करने के इरादे से कार से खलारी आ रहे हैं। इसके बाद बलथरवा इलाके में वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान बिजुपाड़ा की ओर से आ रही संदिग्ध वैगनआर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी से पूछताछ में हाईवा में आगजनी की घटना में शामिल होने की बात सामने आई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चौथे आरोपी मो. मोजम्मील को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, मो. मोजम्मील इस घटना का मास्टरमाइंड है। वह पहले मोहित मिनरल कंपनी में काम करता था, लेकिन कुछ दिन पहले कंपनी ने उसे नौकरी से हटा दिया था। इसी रंजिश में उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई। पुलिस का दावा है कि उसने कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार की हत्या की नीयत से उनके वाहन और घर की रेकी भी कराई थी। इसके बाद अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हाईवा में आगजनी की घटना को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी, कलीम अंसारी और मो. मोजम्मील शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, हसन अंसारी का छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बैंक डकैती मामले में भी आपराधिक इतिहास रहा है। ओडिशा के रेन्गाली थाना में उसके खिलाफ वर्ष 2025 में मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के पास से जेएच-01-जीके-1745 नंबर की वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, एक देशी कट्टा और तीन जिंदा गोलियां बरामद की हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।