police-take-dual-action-deoghar-gang

देवघर में पुलिस का डबल एक्शन: साइबर ठगी के लिए फर्जी सिम सप्लाई करने वाला गिरोह बेनकाब, डकैती की साजिश रच रहे छह अपराधी गिरफ्तार

Share
Link copied

दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 13 आरोपी गिरफ्तार; 120 से अधिक सिम कार्ड जारी करने का खुलासा, 80 से ज्यादा सिम साइबर ठगी से जुड़े, दूसरी तरफ रिवॉल्वर, पांच कारतूस, 1.50 लाख नकद और डेढ़ किलो चांदी बरामद

देवघर। झारखंड के देवघर में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश किया है। एक ओर साइबर अपराधियों को फर्जी तरीके से सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं दूसरी ओर डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे छह अपराधियों को पुलिस ने दबोच लिया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने मोबाइल फोन, हथियार, कारतूस, नकदी और चांदी के जेवर समेत कई सामान बरामद किए हैं।

120 से अधिक सिम कार्ड जारी, 80 से ज्यादा साइबर ठगी से जुड़े

साइबर अपराधियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोह के खिलाफ देवघर पुलिस ने दूरसंचार विभाग (Department of Telecommunications) से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच में जिले के कुछ पॉइंट ऑफ सेल (POS) एजेंटों की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। पुलिस के अनुसार, मई से अक्टूबर 2026 के बीच उत्तम कुमार मिश्रा की टेलीकॉम दुकान से 120 से अधिक सिम कार्ड जारी किए गए थे। इनमें 80 से ज्यादा सिम कार्ड के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज थीं। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर साइबर डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने उत्तम कुमार मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने कथित तौर पर पैसे के लालच में एक ही नाम पर कई सिम कार्ड जारी कराकर अलग-अलग लोगों को बेचने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तम कुमार मिश्रा, अरुण कुमार दास, श्याम सुंदर दास, विष्णु दास, गणेश मंडल, अमजद अंसारी और सौरभ कुमार मेहरा उर्फ छोटू शामिल हैं। इनके पास से छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

डकैती की साजिश नाकाम, छह अपराधी गिरफ्तार

दूसरी बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने बेलाबगान इलाके में डकैती की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर की रात गश्ती के दौरान सूचना मिली कि वन विभाग के आवास की चहारदीवारी के पीछे रेलवे लाइन के पास कुछ संदिग्ध लोग बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बेलाबगान के एक घर में डकैती की योजना बनाने की बात बताई। पुलिस ने इनके पास से एक रिवॉल्वर, पांच जिंदा कारतूस, भुजाली, सब्बल, चाकू, प्लास, रिंच और पेचकस बरामद किए हैं। इसके अलावा 1.50 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और करीब डेढ़ किलो चांदी के जेवर भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम यादव उर्फ फुहिया, नरेश पासवान उर्फ नारू पासवान, लालू यादव, नागेंद्र सिंह, नरेश प्रसाद पोद्दार और विजय पोद्दार शामिल हैं। इनमें पांच आरोपी बिहार के जमुई जिले के रहने वाले हैं, जबकि एक देवघर का निवासी है।

पांच चोरी और लूट के मामलों का खुलासा

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में देवघर नगर थाना, रिखिया और कुंडा थाना क्षेत्र में दर्ज पांच चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है। इनमें सत्संग चौक के पास सुमन कुमार राय के घर में चोरी, बेलाबगान में ओंकारनाथ वर्णवाल के घर में लूट, बरमसिया में विनय कुमार के घर में चोरी, रिखिया के रामपुर गांव में बंद घर से चोरी और कुंडा थाना क्षेत्र के बाबा कॉलोनी में बंद घर से सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी की चोरी शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम यादव उर्फ फुहिया का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बिहार के झाझा थाना में कई मामले दर्ज हैं।

साइबर ठगी से लेकर डकैती तक, पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप

देवघर पुलिस की इन दो अलग-अलग कार्रवाइयों ने जिले में सक्रिय साइबर अपराध और संगठित आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को उजागर किया है। एक मामले में फर्जी तरीके से सिम कार्ड जारी कर साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का खुलासा हुआ है, तो दूसरे मामले में डकैती की योजना बना रहे अपराधियों की गिरफ्तारी से पांच पुराने मामलों की गुत्थी सुलझाने का दावा किया गया है। पुलिस अब साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड के नेटवर्क, आरोपियों के अन्य सहयोगियों और डकैती की साजिश में शामिल फरार अपराधी की तलाश में जुटी है।

ABOUT THE AUTHOR
अश्वनी पाठक

अश्वनी पाठक

रिपोर्टर

अश्वनी पाठक जमशेदपुर निवासी हैं और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने न्यूज मीडिया किरण के माध्यम से पत्रकारिता की शुरुआत की। वाणिज्य में ऑनर्स (बी.कॉम) की शिक्षा पूरी करने के बाद वर्तमान में एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे कानून की शिक्षा भी प्राप्त कर रहे हैं।