विशेष विधानसभा सत्र से पहले सीएम हेमंत सोरेन ने मंत्रियों-विधायकों के साथ की बैठक, MMDR और SIR पर बनी रणनीति

रांची: झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ वर्चुअल बैठक की। मुख्यमंत्री आवास, कांके रोड से हुई इस बैठक में MMDR संशोधन अधिनियम और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सदन में सरकार का पक्ष रखने की रणनीति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों और विधायकों को पूरी तैयारी और तथ्यों के साथ सदन में उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और MMDR तथा SIR से जुड़ी चिंताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। विधायकों की राय के आधार पर विशेष सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों और सदन के भीतर की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। सत्ता पक्ष की तैयारी है कि इन दोनों विषयों पर विपक्ष के सवालों का तथ्यों के साथ जवाब दिया जाए।
बैठक में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। सत्ताधारी गठबंधन की मुख्य आपत्ति खनिज संपदा से जुड़े राजस्व और खनिज-धारित भूमि पर उपकर लगाने के राज्य के अधिकारों को लेकर है। सरकार को आशंका है कि संशोधन के प्रावधानों से राज्य की राजस्व प्राप्तियों पर असर पड़ सकता है, जिसका प्रभाव विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी पड़ेगा। सत्ताधारी दलों का मानना है कि झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के आर्थिक और संवैधानिक हितों की रक्षा जरूरी है। विशेष सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।
बैठक में SIR की प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई गई। सत्ता पक्ष की ओर से कहा गया कि पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और कई मामलों में सुनवाई लंबित है। ऐसे में प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और जरूरत के अनुसार समय-सीमा बढ़ाने की मांग उठाने पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से आदिवासी और वंचित वर्गों के मताधिकार से जुड़े मुद्दों को सदन में रखने की तैयारी है।
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने MMDR संशोधन अधिनियम और SIR की प्रक्रिया पर अपनी चिंताएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने MMDR संशोधन को खनिज उत्पादक राज्यों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि इसके प्रावधानों से राज्यों के खनिज राजस्व और वित्तीय अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने SIR में जारी नोटिस और लंबित सुनवाई का जिक्र करते हुए प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आयोजित होना है। इससे पहले हुई सत्ता पक्ष की बैठक को सत्र की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सबकी नजरें विशेष सत्र पर टिकी हैं, जहां MMDR संशोधन अधिनियम और SIR को लेकर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच चर्चा होने की संभावना है।

खरवागढ़ा गांव में 60 दिनों तक चलेगा विधिक जागरूकता अभियान, पीडीजे ने रथ को दिखाई हरी झंडी
सिमडेगा: समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार की…

SIR और MMDR के विरोध पर भाजपा का हमला, बोली- जनता को गुमराह कर रही हेमंत सरकार
रांची: झारखंड में 25 और 26 नवंबर को SIR और MMDR के मुद्दे पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर…
















