77वें गणतंत्र दिवस पर अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति का उत्सव
77वें गणतंत्र दिवस पर अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम में हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति का उत्सव

पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी की गरिमामयी उपस्थिति में बच्चों ने फहराया तिरंगा, वितरित किए गए 54 स्वर्ण पदक
वाराणसी, 26 जनवरी : राष्ट्र के 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी में उत्साह और राष्ट्रप्रेम की लहर दौड़ गई। श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष परम पूज्य बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में आयोजित इस भव्य समारोह में आश्रम के अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विशेष योगदान दिया।
सुबह आश्रम प्रांगण में बच्चों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्र-गीतों की मधुर धुनों के साथ सभी ने राष्ट्र को सलामी दी। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. अशोक कुमार सिंह (सेवानिवृत्त प्रशासनिक निदेशक, आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय, अयोध्या) ने बच्चों को गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने बच्चों से सच्चाई, ईमानदारी, राष्ट्रीयता और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प भी लिया।प्रसाद वितरण के उपरांत लगभग 11 बजे शुरू हुए लघु सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
कुल 54 स्वर्ण पदक, 4 ट्रॉफी और 6 अन्य पुरस्कार वितरित किए गए। पूज्यपाद बाबाजी ने स्वयं कबड्डी टीम के बालकों-बालिकाओं को मेडल पहनाकर उनका उत्साह बढ़ाया। रिले रेस, शॉट-पुट, बैडमिंटन, 100 मीटर दौड़, कुर्सी दौड़, लेमन स्पून रेस, निबंध, कला प्रतियोगिता तथा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट जैसे आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्था के पदाधिकारियों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में कुछ बच्चों ने देशभक्ति गीत गाकर और भाषण कला के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसने सभी को भावुक कर दिया।इस अवसर पर विद्यालय के सभी विद्यार्थी, उनके अभिभावक, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएँ, आश्रमवासी, आगंतुक श्रद्धालु और श्री सर्वेश्वरी समूह के पदाधिकारी उपस्थित रहे।श्री सर्वेश्वरी समूह और अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम सदैव शिक्षा, सेवा और राष्ट्रभक्ति के संदेश को आगे बढ़ाने में संलग्न रहा है।


















