पिपरवार में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग शिविर का आयोजन
11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पिपरवार एरिया, सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा बचरा चार नंबर फुटबॉल मैदान में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बेंगलुरु से आए प्रख्यात योग गुरु श्रीन गोविंद जी और सीसीएल के सीएमडी पी.एन. प्रसाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, सीसीएल के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और अन्य संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग गुरु श्रीन गोविंद जी ने सैकड़ों प्रतिभागियों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, वज्रासन, ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन आदि योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग अभ्यास से शरीर, मन और मस्तिष्क पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया।
सीसीएल के सीएमडी पी.एन. प्रसाद ने कहा, “इस तरह के आयोजन न केवल लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। पूरे आयोजन का संचालन पिपरवार जीएम संजीव कुमार की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह योग शिविर क्षेत्र में योग के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ जीवन को प्रोत्साहित करने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



















