परिसीमन के विरोध में 30 अगस्त को मोराबादी मैदान में होगा आदिवासी एकता महाजुटान

रांची: प्रस्तावित परिसीमन के विरोध में 30 अगस्त को रांची के मोराबादी मैदान में आदिवासी एकता महाजुटान रैली आयोजित की जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और आदिवासी युवा नेता शशि पन्ना ने प्रेस वार्ता कर रैली की तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी दी।

अजय तिर्की ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रैली में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीने से राज्य के 24 जिलों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। 30 अगस्त को बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग मोराबादी मैदान पहुंचेंगे।

वहीं, शशि पन्ना ने कहा कि आदिवासी समाज परिसीमन के खिलाफ नहीं है, लेकिन परिसीमन के नाम पर आदिवासी आरक्षित विधानसभा सीटों को कम करने का विरोध किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि यदि विधानसभा की सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है तो उसी अनुपात में एसटी-एससी के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़ाई जाए।

उन्होंने कहा कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन किए जाने से आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विधानसभा सीटों के घटने की आशंका है। इसी मुद्दे पर केंद्र सरकार को स्पष्ट संदेश देने के उद्देश्य से 30 अगस्त को महाजुटान का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, रैली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई आदिवासी नेता शामिल हो सकते हैं। आयोजकों ने 24 जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के रांची पहुंचने का दावा किया है।
















