खनिज संशोधन विधेयक पर आदित्य साहू का हमला, बोले- जनता को भ्रमित करना बंद करें सीएम

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) द्वारा मानसून सत्र में पारित खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में आंदोलन की घोषणा के बीच झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री झारखंड की जनता को भ्रमित करना बंद करें। केंद्र सरकार के खनिज संशोधन विधेयक को गौर से देखने पर स्पष्ट होता है कि इसमें राज्यों के हित में कई प्रावधान किए गए हैं।

आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार झारखंड में कोयले की चोरी रोकने में विफल रही। उन्होंने कहा कि कोयला चोरी में मुख्यमंत्री के करीबी और सरकार से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आते रहे हैं। स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा और केंद्र के हस्तक्षेप के बाद धनबाद में कोयला चोरी पर लगाम लगी है।

उन्होंने कहा कि यदि झारखंड मुक्ति मोर्चा खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ आंदोलन करता है तो बीजेपी भी आंदोलन की पार्टी है। बीजेपी के कार्यकर्ता संवैधानिक तरीके से सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे और जनता के बीच जाकर हेमंत सरकार की कथित हकीकत बताने का काम करेंगे। आदित्य साहू ने कहा कि बीजेपी इस मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी और खनिज संशोधन विधेयक को लेकर सरकार द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करेगी।

















