स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर BJP का हमला, राफिया नाज़ बोलीं—“स्वास्थ्य विभाग बन गया है जल्लाद विभाग”

रांची: झारखंड की सियासत में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री के बयान को “असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना” बताया है।
“स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व जीवन बचाना, न कि ऐसी भाषा बोलना”
राफिया नाज़ ने कहा कि एक स्वास्थ्य मंत्री का मुख्य कर्तव्य लोगों के जीवन की रक्षा करना और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना होता है, लेकिन “अंतिम संस्कार” जैसे शब्दों का प्रयोग उनकी मानसिकता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अपने संवैधानिक दायित्वों से भटक चुके हैं।
“जल्लाद विभाग बन चुका है स्वास्थ्य तंत्र”
BJP प्रवक्ता ने कहा कि जब स्वास्थ्य मंत्री अपने कर्तव्यों को भूल जाते हैं, तो वह जनता के लिए रक्षक नहीं बल्कि “जल्लाद” के रूप में दिखाई देते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री AC कमरों में बैठकर बयानबाजी कर रहे हैं और विपक्षी नेताओं को धमकी दे रहे हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल
राफिया नाज़ ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उनके अनुसार थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाने की घटनाएं सामने आईं। कई जगहों पर परिजन शव को बोरे में ले जाने को मजबूर हैं। उन्होंने मेडिकल छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं, साथ ही कहा कि ग्रामीण इलाकों में गर्भवती महिलाओं को खाट पर अस्पताल ले जाने की मजबूरी है। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल स्थिति को दर्शाती हैं।
डॉक्टरों और संसाधनों की भारी कमी
राफिया नाज़ ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा करीब 3.5 करोड़ आबादी पर सिर्फ लगभग 2800 डॉक्टर हैं। 80% तक विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद खाली है और कई अस्पतालों में 560 बेड पर केवल 14 नर्स तैनात हैं। उन्होंने कहा PHC और CHC में 40–50% तक संसाधनों की कमी है। उनके मुताबिक, इससे ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं लगभग ठप हो चुकी हैं।
कांग्रेस और INDI गठबंधन पर भी निशाना
BJP प्रवक्ता ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और INDI गठबंधन पर हमला बोलते हुए 16 अप्रैल को सदन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है और कांग्रेस की सोच को उजागर करता है।
राफिया नाज़ ने कहा कि झारखंड की महिलाएं अब अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएंगी। उन्होंने कांग्रेस की महिलाओं से भी आगे आने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की अपील की।इस दौरान प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अशोक बड़ाईक और महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सीमा सिंह भी मौजूद रहीं।
















