20250914 200152

झारखंड मुक्ति मोर्चा की चुप्पी पर भाजपा का सवाल, मणिपुर विकास पर भी लगाए आरोप

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज़ ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के बयानों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों और झारखंड में आतंकवादी गतिविधियों पर JMM की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी राष्ट्र की सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देती है। साथ ही, मणिपुर के विकास पर JMM के आरोपों को निंदनीय बताते हुए कांग्रेस शासन की विफलताओं को याद दिलाया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

भारत-पाक क्रिकेट पर JMM के बयान की निंदा

राफिया नाज़ ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट करना चाहती है कि भारत का पाकिस्तान से द्विपक्षीय क्रिकेट संबंध पूरी तरह बंद है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहुपक्षीय टूर्नामेंट जैसे ACC या ICC द्वारा आयोजित होने पर नियमों के कारण भारत को भाग लेना पड़ता है। यदि इनकार किया जाए, तो टीम को बाहर करना पड़ेगा या अंक गंवाने होंगे। यह राजनीतिक या द्विपक्षीय सहमति नहीं, बल्कि बहुपक्षीय प्रतियोगिता है। JMM को याद रखना चाहिए कि भारत ने हमेशा पाकिस्तान को युद्ध के मैदान हो या खेल के मैदान, धूल चटाई है और ऐसा ही करते रहेगा।”

झारखंड में आतंकी गिरफ्तारियों पर JMM की चुप्पी

राफिया ने गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, “झारखंड से लगातार आतंकवादी संगठनों से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी हो रही है और संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हो रहा है, लेकिन JMM चुप्पी साध लेता है। क्या कारण है कि JMM और उनके सहयोगी इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं देते? यह राष्ट्र की सुरक्षा का मामला है और जनता को जवाब चाहिए। भाजपा दोहराती है कि आतंकवाद पर कोई समझौता नहीं होगा और हर देशविरोधी तत्व पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

मणिपुर विकास पर JMM के आरोप निंदनीय

मणिपुर के हालिया मुद्दों पर JMM के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राफिया नाज़ ने कहा, “मणिपुर का विकास JMM, कांग्रेस और इंडिया अलायंस को हजम नहीं हो रहा, इसलिए उल-जुलूल बयान दिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मणिपुर और पूरे उत्तर-पूर्व का विकास राष्ट्रीय प्राथमिकता रहा है। भाजपा सरकार ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना से मणिपुर को अभूतपूर्व सहयोग दिया है।”

उन्होंने विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक प्रगति हुई है—जिरीबाम-इम्फाल रेल परियोजना, इम्फाल-मोरह (एशियन हाईवे-1) राष्ट्रीय राजमार्ग का उन्नयन और इम्फाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का आधुनिकीकरण। इससे मणिपुर देश और वैश्विक व्यापार मार्गों से जुड़ा। वित्तीय सहयोग में पिछले 9 वर्षों में कांग्रेस शासन की तुलना में कई गुना अधिक बजट मिला। जन धन योजना, डिजिटल इंडिया और UPI से लाखों नागरिक बैंकिंग से जुड़े। स्वास्थ्य और शिक्षा में जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (JNIMS) और नए संस्थानों से जनता को लाभ मिला।”

कांग्रेस शासन की याद दिलाई

राफिया ने कांग्रेस काल की सच्चाई याद दिलाते हुए कहा, “कांग्रेस ने दशकों तक मणिपुर और उत्तर-पूर्व को उपेक्षित और हिंसा की चपेट में छोड़ दिया। आर्थिक नाकेबंदी, आतंकी हिंसा और बुनियादी सुविधाओं की कमी ने जनता को त्रस्त किया। विकास के बजाय कांग्रेस ने केवल चुनावी राजनीति के लिए मणिपुर का इस्तेमाल किया। यही कारण है कि उस दौर में मणिपुर असुरक्षा, पिछड़ेपन और उपेक्षा का प्रतीक बन गया। JMM को लगता है कि कांग्रेस काल की सच्चाई भूल चुकी है।”

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी विकास और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखती है तथा झारखंड और मणिपुर जैसे राज्यों में शांति व प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता से अपील की गई कि ऐसे बयानों से भ्रमित न हों और विकास के तथ्यों पर ध्यान दें।

Share via
Send this to a friend