डेढ़ साल से फरार ब्राउन शुगर तस्कर नाजिया परवीन और कुख्यात अपराधी विपुल कर्मकार गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आदित्यपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रही मुख्य आरोपी नाजिया परवीन और कुख्यात अपराधी विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 में ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। इस मामले में नाजिया परवीन को पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता के रूप में चिह्नित किया था। कार्रवाई के दौरान वह फरार हो गई थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह करीब डेढ़ साल तक मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग शहरों में ठिकाना बदलकर रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही नाजिया सरायकेला के जीवनपुर, कोलाबिरा में आकर रहने लगी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधवार को छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 209/26 में पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के आरोपी विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार को गिरफ्तार किया। यह मामला 28 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी) और 27(ए) के तहत उसे नामजद आरोपी बनाया गया था।

पुलिस के अनुसार, विपुल गिरफ्तारी से बचने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छिपा हुआ था। बुधवार को उसके राम मड़ैया बस्ती लौटने की सूचना मिली। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, विपुल कर्मकार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आदित्यपुर के अलावा कदमा और बिष्टुपुर थानों में लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और ब्राउन शुगर तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में पूर्व में जेल भी जा चुका है। हाल ही में उसके भाई सिपुल कर्मकार को भी छिनतई के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

गंगा के कटाव से रेल ट्रैक पर मंडराया खतरा, 2 पैसेंजर ट्रेनें रद्द; 6 एक्सप्रेस के बदले रूट
साहिबगंज। मालदा रेलखंड पर महाराजपुर-सकरीगली रेलवे स्टेशन के बीच गंगा नदी का तेज कटाव अब रेल ट्रैक की सुरक्षा के लिए खतरा…

सीट आवंटन का वीडियो बनाने पर छात्रा को कथित धमकी, बोली- ‘रिकॉर्डिंग मिटाओ, नहीं तो परिसर से नहीं निकल पाओगी’
जमशेदपुर। जेसीईसीईबी की काउंसलिंग में बीएससी नर्सिंग की सीट आवंटित होने के बाद नामांकन के लिए नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय पहुंची गिरिडीह की…
















