बांधगाड़ी में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 5 अवैध संरचनाएं हटाईं

रांची: बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने सोमवार को वार्ड संख्या-06 के बांधगाड़ी क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सरकारी भूमि और नालों पर अवैध रूप से निर्मित 5 संरचनाओं को ध्वस्त कर हटाया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई करते हुए नालों और नालियों के ऊपर बने अवैध निर्माणों को हटाया, जिससे जल निकासी के प्राकृतिक प्रवाह को बहाल किया जा सके। निगम अधिकारियों के अनुसार, वर्षा ऋतु में जल-जमाव की समस्या को रोकने और स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए यह अभियान चलाया गया।
नगर निगम ने कहा कि सरकारी भूमि, सार्वजनिक संपत्तियों और नालों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे अतिक्रमण न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि जल निकासी व्यवस्था को भी बाधित करते हैं, जिससे बरसात के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि और नालों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने में सहयोग करें। साथ ही चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















