राज्यसभा चुनाव 2026: कल्पना सोरेन ने बैधनाथ राम को दी शुभकामनाएं; महागठबंधन की जीत की रणनीति पर मंथन
रांची: झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता और महागठबंधन के राज्यसभा प्रत्याशी बैजनाथ राम ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।
नामांकन प्रक्रिया के बाद झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की वरिष्ठ नेत्री कल्पना सोरेन ने बैजनाथ राम को बधाई देते हुए उनके अनुभव पर भरोसा जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “आपका लंबा राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता निश्चित रूप से संसद में झारखण्ड की आवाज को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।”उन्होंने उम्मीद जताई कि बैजनाथ राम राज्यसभा में राज्य के हितों और जनभावनाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई रणनीतिक बैठक
नामांकन से पूर्व, कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, महागठबंधन के विभिन्न मंत्री और विधायक शामिल हुए। बैठक में राज्यसभा चुनाव से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
एकजुटता का आह्वान
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गठबंधन के सभी साथियों को ‘एकजुटता, समन्वय और प्रतिबद्धता’ का मंत्र दिया। उन्होंने लोकतंत्र के मूल्यों को सशक्त करने और गठबंधन के दोनों प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर काम करने का आह्वान किया।
कल्पना सोरेन ने बैठक के बारे में जानकारी साझा करते हुए लिखा कि हमें पूर्ण विश्वास है कि गठबंधन के दोनों प्रत्याशी ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे। यह बैठक राज्य में महागठबंधन की आंतरिक मजबूती और चुनावी तैयारियों के प्रति उनकी गंभीरता को स्पष्ट करती है।
इसे भी पढ़े :
झारखंड राज्यसभा रण: नामांकन में दिखा शक्ति प्रदर्शन, प्रस्तावकों से मजबूत हुई उम्मीदवार की दावेदारी
झारखंड राज्यसभा चुनाव: महागठबंधन ने भरी हुंकार, बैजनाथ राम और प्रणव झा ने दाखिल किया नामांकन
झारखंड राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी ने भरा नामांकन, भाजपा के साथ सभी दलों से समर्थन की उम्मीद

















