पिपरवार हत्याकांड: शादी का दबाव बनाना पड़ा भारी, प्रेमी समेत 4 गिरफ्तार; साफी नदी किनारे दफनाया था शव
पिपरवार : चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र की साफी नदी में बीते 6 जून को मिली एक अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह नृशंस हत्याकांड किसी और ने नहीं, बल्कि मृतका के प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी प्रेमी सूरज कुमार समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
मृतका रांची जिले के सिमलिया (थाना रातु) की रहने वाली थी। वह 1 जून को घर से मंडा मेला देखने की बात कहकर निकली थी, जिसके बाद से वह लापता थी। जांच में पता चला कि उसका खलारी के मनातू गांव निवासी सूरज कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतका सूरज पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी और ऐसा न करने पर उसे कानूनी मामले में फंसाने की धमकी भी दे रही थी।
शादी के बहाने जंगल बुलाकर की हत्या
पुलिस अनुसंधान में खुलासा हुआ कि शादी के दबाव से तंग आकर सूरज ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने मृतका को शादी की बातचीत करने और मंडा मेला दिखाने के बहाने पंडरिया जंगल बुलाया। वहां पहुंचने पर सूरज के साथियों, राहुल भूईयां और रोहित कुमार महतो ने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और फिर चाकू व ईंट से बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने की नीयत से आरोपियों ने शव को साफी नदी के बालू में गाड़ दिया था।
वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुला राज
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक, चतरा के निर्देशानुसार टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) रांची की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका की सैंडल, घटना में इस्तेमाल चाकू, ईंट और एक हीरो स्पलेंडर प्लस बाइक बरामद कर ली है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है:
1. सूरज कुमार (19 वर्ष) पिता- प्रसाद महतो
2. पवन महतो (21 वर्ष), पिता- केश्वर महतो
3. राहुल भूईयां (19 वर्ष), पिता- हिरालाल भूईयां
4. रोहित कुमार महतो (19 वर्ष) पिता- बालेश्वर महतो
(सभी आरोपी मनातू, थाना- खलारी, जिला- रांची के निवासी हैं)
इस कार्रवाई में एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार, पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार, पु.अ.नि. अभिमन्यु कुमार और थाना रिजर्व गार्ड की मुख्य भूमिका रही।
इसे भी पढ़े :
झारखंड राज्यसभा चुनाव: नामांकन स्क्रूटनी पर बरसे सलमान खुर्शीद, कहा- ‘सब कुछ पहले से तय था
झारखंड आंदोलनकारियों का हुंकार: सीएम आवास घेराव के लिए रांची पहुंचे हजारों, पुलिस ने जगह-जगह रोका
भारत ने पहली बार शांतिकाल में 12 परमाणु हथियार किए तैनात, सिप्री रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
















