मंडा मेला दिखाने के बहाने युवती की हत्या, प्रेमी समेत चार गिरफ्तार

चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में साफी नदी के किनारे बालू में दबा मिला महिला का शव हत्याकांड निकला। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवती को मंडा मेला दिखाने और शादी की बात करने के बहाने जंगल ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को पिपरवार थाना क्षेत्र स्थित साफी नदी में बालू से ढका एक महिला का शव बरामद हुआ था। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टंडवा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। घटनास्थल की घेराबंदी कर झारखंड राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल), रांची की टीम को जांच के लिए बुलाया गया। एफएसएल टीम से मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन अनुसंधान के दौरान मृतका की पहचान रांची जिले के रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया निवासी युवती के रूप में हुई। जांच में पता चला कि युवती 1 जून को घर से मंडा मेला देखने की बात कहकर निकली थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का खलारी थाना क्षेत्र के मनातू गांव निवासी सूरज कुमार के साथ प्रेम संबंध था। युवती सूरज पर शादी का दबाव बना रही थी और शादी नहीं करने पर उसे फंसाने की धमकी देती थी। इसी कारण सूरज कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
आरोप है कि 1 और 2 जून की रात युवती को मंडा मेला दिखाने और शादी की बातचीत का झांसा देकर पंडरिया जंगल ले जाया गया। वहां उसकी हत्या कर शव को बालू में दबा दिया गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सूरज कुमार, पवन महतो, राहुल भूईयां और रोहित कुमार महतो शामिल हैं। सभी आरोपी मनातू गांव, थाना खलारी, जिला रांची के निवासी हैं। आरोपियों के पास से पीड़िता की एक जोड़ी सैंडल, घटना में प्रयुक्त चाकू, घटना में प्रयुक्त ईंट और हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।














