रांची से बाबा अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था रवाना, 82 श्रद्धालु करेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन

रांची : बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए रांची से श्रद्धालुओं का पहला जत्था रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। 82 श्रद्धालुओं का यह दल पहाड़ी मंदिर से मुरी के लिए निकला, जहां से सभी ट्रेन के माध्यम से जम्मू पहुंचेंगे। यात्रा का नेतृत्व मनोज कुमार जायसवाल कर रहे हैं, जो लगातार 34 वर्षों से बाबा अमरनाथ की यात्रा कर रहे हैं।
रवाना होने से पहले रांची महानगर मंत्री शुभम कुमार जायसवाल ने सभी श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर और अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नयन कुमार सिन्हा, उपमहापौर नीरज कुमार, शैलेश जायसवाल, अविनाश कुमार उर्फ मुन्ना, श्रवण सिन्हा, विकास वर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं का पूर्व पंजीकरण नहीं हो पाया है, उनका पंजीकरण जम्मू में कराया जाएगा। इसके बाद 3 जुलाई को पहला जत्था अमरनाथ गुफा के लिए रवाना होगा और 6 जुलाई को बाबा बर्फानी के दर्शन करेगा।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्रीनगर के खीर भवानी मंदिर, जम्मू के रघुनाथ मंदिर, माता वैष्णो देवी धाम तथा अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगे। वहीं रांची लौटने के बाद देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम, बाबा बासुकीनाथ और पश्चिम बंगाल के तारापीठ मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे।
प्रस्थान से पहले श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी से झारखंड की सुख-समृद्धि, राज्य के सर्वांगीण विकास और प्रदेशवासियों के खुशहाल जीवन की कामना की। हर्षिता जायसवाल ने यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।
यात्रा दल में अर्जुन शर्मा, प्रकाश, अरविंद साहू, राजू सोनी, उपेंद्र प्रसाद, रिंकी भट्ट, किरण देवी, सुशीला देवी, नंदनी, प्रभा देवी, पूनम देवी, बेबी देवी, सुमन देवी सहित कुल 82 श्रद्धालु शामिल हैं।
इसके अलावा 2 जुलाई को विमान मार्ग से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं में महान कुमार विश्व, विष्णु कुमार (युवा महामंत्री), संतोष कुमार जायसवाल (अभिनव), कुमार उर्फ मुन्ना और चेतन महान शामिल हैं। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सफल और मंगलमय यात्रा के लिए विशेष प्रार्थना की है।
















