अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ, जम्मू से पहला जत्था रवाना; श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

जम्मू: पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा 2026 की औपचारिक शुरुआत गुरुवार को हो गई। जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की बहुप्रतीक्षित यात्रा शुरू हो गई।
इस अवसर पर बीजेपी सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा देश की सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में से एक है। उन्होंने श्रद्धालुओं के उत्साह पर खुशी जताते हुए यात्रा के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन की कामना की।
वहीं, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं बीजेपी नेता सुनील शर्मा ने भी पहले जत्थे के रवाना होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम और आरामदायक होगी। उनका मानना है कि इस वर्ष यात्रियों की संख्या पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकती है।
इधर, कश्मीर घाटी के बालटाल और पहलगाम दोनों बेस कैंपों पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी पवित्र यात्रा शुरू करने के लिए बेस कैंपों पर पहुंचे।
यात्रा को सुरक्षित और निर्बाध बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं। पहले जत्थे के रवाना होने से पहले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 137वीं बटालियन ने K9 डॉग स्क्वॉड के साथ उधमपुर क्षेत्र में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यापक सुरक्षा जांच अभियान चलाया, ताकि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित रहे।

















