20260422 180730

सिमडेगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 22 किलो मिलावटी पनीर नष्ट

शंभू कुमार सिंह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : सिमडेगा जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त के निर्देश और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र गुग्गी के नेतृत्व में बुधवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर बस स्टैंड के सामने स्थित आदर्श बेकरी (संचालक संतोष केसरी) की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान यहां से करीब 22 किलोग्राम मिलावटी पनीर बरामद हुआ। टीम ने मौके पर ही पनीर का नमूना संग्रह कर उसे दुकानदार की मौजूदगी में नष्ट करा दिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्थानीय स्तर पर दुकान के खिलाफ पहले भी महंगे दामों पर सामान बेचने और एक्सपायरी उत्पाद रखने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा जांच टीम ने सुधामा–2 होटल का भी निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई में कमी पाई गई, जिस पर संचालक को 7 दिनों के भीतर सुधार करने का निर्देश दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखें। वहीं आम लोगों से अपील की गई है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट, निर्माता का पता और FSSAI लाइसेंस नंबर अवश्य जांचें।

पेय पदार्थ विक्रेताओं को भी निर्देश दिया गया है कि वे उत्पादों को सीधे धूप से दूर रखें, क्योंकि अधिक गर्मी से प्लास्टिक के हानिकारक तत्व पेय में मिल सकते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।

इसी दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में तंबाकू निषेध जागरूकता अभियान भी चलाया गया। कोटपा अधिनियम 2003 के उल्लंघन पर चार दुकानदारों से कुल 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया और दोबारा उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Share via
Share via