बेरमो में धंसी फुसरो-कथारा मुख्य सड़क, गहरे गड्ढे में तब्दील हुआ हिस्सा; वाहनों की आवाजाही बंद
बोकारो। बोकारो जिले के बेरमो में फुसरो शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल फुसरो-करगली-कथारा मुख्य सड़क का एक हिस्सा धंसकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया है। सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय के मुख्य द्वार के समीप सड़क धंसने से हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए सड़क पर बैरिकेडिंग कर वाहनों और लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। बताया जाता है कि सड़क पर पहले दरारें उभर आई थीं। धीरे-धीरे दरारें बढ़ती गईं और अब सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह धंस गया है। सड़क की इस स्थिति से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।

सड़क का जायजा लेने पहुंचे विधायक, अधिकारियों को दिए निर्देश
सड़क धंसने की जानकारी मिलने पर बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया और स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पथ निर्माण विभाग तथा बेरमो प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विधायक ने अधिकारियों से सड़क को जल्द दुरुस्त करने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।

रोजाना हजारों वाहनों का होता है आवागमन
फुसरो-करगली-कथारा मुख्य सड़क फुसरो शहर की प्रमुख और व्यस्त सड़कों में से एक है। इस मार्ग पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का भारी दबाव रहता है। बस, ट्रक, हाइवा, ऑटो के साथ बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। ऐसे में सड़क का धंसना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। सड़क की जल्द मरम्मत नहीं होने पर यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही आसपास के लोगों के लिए भी खतरा बना रह सकता है।

सड़क के नीचे दबा है भारी मात्रा में कोयला
स्थानीय क्षेत्र में जमीन के नीचे भारी मात्रा में कोयला मौजूद होने की बात भी सामने आती रही है। फुसरो बाजार के नीचे भी कोयले के भंडार होने की जानकारी दी जाती है। इसे लेकर पहले भी बाजार को दूसरी जगह शिफ्ट करने की कोशिशें हुई थीं, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। सड़क धंसने की घटना के बाद भूमिगत कोयला खनन और जमीन की स्थिरता से जुड़े संभावित कारणों की जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है।

हालांकि, सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। फिलहाल सड़क पर आवाजाही रोक दी गई है। अब लोगों की नजर विभागीय अधिकारियों की कार्रवाई और सड़क की मरम्मत पर टिकी है।

734 करोड़ के कथित फर्जी GST-ITC मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, जमशेदपुर के कारोबारी और बेटे को किया गिरफ्तार
जमशेदपुर: झारखंड में सामने आए 734 करोड़ रुपये के कथित फर्जी GST इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने…

अपराध पर डीजीपी तदाशा मिश्रा सख्त, केनरा बैंक लूट और मरीन ड्राइव गोलीकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का निर्देश
जमशेदपुर: झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा ने गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचकर पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिसिंग की उच्चस्तरीय समीक्षा की।…

















