मोदी सरकार की नई योजना में भ्रष्टाचार हुआ तो भगवान राम के नाम का होगा अपमान: विधायक विक्सल कोंगाड़ी

मोदी सरकार की नई योजना में भ्रष्टाचार हुआ तो भगवान राम के नाम का होगा अपमान: विधायक विक्सल कोंगाड़ी

Author drishtinow | Edited by drishtinow
Updated: Sat, 10 Jan 2026 04:06 PM (IST)

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा : जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को मनरेगा बचाव संग्राम के तहत एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर योजना में।भगवान राम के नाम को जोड़कर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है। अब महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को बदलकर नई योजना के रूप में पेश किया जा रहा है, जिसका नाम विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी VB-G RAM G (संक्षेप में जी राम जी) रखा गया है।

विधायक कोंगाड़ी ने कहा, “ऐसी योजनाओं में भ्रष्टाचार की आशंका हमेशा बनी रहती है। यदि नई योजना में भी भ्रष्टाचार हुआ, तो यह सीधे भगवान राम के नाम का अपमान होगा। कांग्रेस और पूरा समाज इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा।” उन्होंने इसे गंदी राजनीति करार देते हुए कहा कि भाजपा आदिवासियों को “आदिवासी” कहने में भी शर्म महसूस करती है और उन्हें कभी “वनवासी” तो कभी अन्य नामों से पुकारती है। विधायक ने महागठबंधन सरकार के पेसा नियमावली को आदिवासियों के अधिकारों के लिए वरदान बताया और कहा कि आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों से कोई समझौता नहीं होगा।

भाजपा जनता को भ्रमित कर रही, कांग्रेस साजिश सफल नहीं होने देगी: जोसिमा खाखा

मौके पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि मनरेगा दुनिया का एकमात्र ऐसा कानून था जिसने रोजगार को संवैधानिक अधिकार का दर्जा दिया। लेकिन भाजपा सरकार ने इसे कानून से हटाकर महज एक योजना में बदल दिया, जिससे इसकी आत्मा खत्म हो गई। इसका सीधा असर गरीबों, भूमिहीनों और ग्रामीण मजदूरों पर पड़ेगा।

जोसिमा खाखा ने बताया कि राहुल गांधी ने मनरेगा बचाओ महासंग्राम का ऐलान किया है, जो 25 फरवरी तक चलेगा। कांग्रेस गांव-गांव जाकर लोगों को बताएगी कि संशोधनों से गरीबों को कैसे नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा, “मनरेगा कांग्रेस की देन है, जिसने गांवों में सड़क, तालाब, सिंचाई और जल संरक्षण जैसे कार्य किए। महिलाओं को घर के पास काम देकर आत्मनिर्भर बनाया और आदिवासी, दलित एवं पिछड़े समाज के लिए सुरक्षा कवच प्रदान किया।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नाम बदलकर जनता को भ्रमित करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस इस साजिश को सफल नहीं होने देगी।

कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा

नेताओं ने कहा कि जब मनरेगा कमजोर होता है, तो गांव कमजोर होता है और गांव कमजोर होने से देश कमजोर होता है। कांग्रेस ने ऐलान किया कि जब तक मनरेगा पूरी तरह सुरक्षित नहीं होगा, संघर्ष जारी रहेगा। यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि हर उस परिवार की है जो श्रम से सम्मानजनक जीवन जीना चाहता है।

मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की गई कि वे इस आंदोलन में शामिल हों और राहुल गांधी के हाथ मजबूत करें। प्रेस वार्ता में समरोम पौल तोपनो, रणधीर रंजन, संतोष सिंह, रावेल लकड़ा, एजाज अहमद, चंदन कुमार सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow