गंगा का जलस्तर बढ़ा, साहिबगंज डीसी ने घाटों का किया निरीक्षण

साहिबगंज: गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए साहिबगंज जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने मंगलवार को जिले के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण कर जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।


जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य के लिए छह मोटराइज्ड नावों और एक वॉटर एम्बुलेंस को तैयार रखा गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को गंगा के जलस्तर और घाटों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।


प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और स्थानीय लोगों को सतर्क करने को भी कहा गया है। संभावित बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



















