Impressive performance by Indian hockey: women's team reaches semi-finals, men's team defeats Germany.

भारतीय हॉकी का दमदार प्रदर्शन, महिला टीम सेमीफाइनल में पहुंची, पुरुष टीम ने जर्मनी को हराया

Share
Link copied
Impressive performance by Indian hockey: women's team reaches semi-finals, men's team defeats Germany.
Impressive performance by Indian hockey: women’s team reaches semi-finals, men’s team defeats Germany.

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा : भारतीय हॉकी के लिए 18 जून 2026 का दिन बेहद गौरवपूर्ण रहा। एक ओर भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला नेशंस कप न्यूजीलैंड 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उरुग्वे को 3-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की, वहीं भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से शिकस्त देकर अपनी ताकत का परिचय दिया।

ऑकलैंड में खेले गए महिला नेशंस कप के अंतिम पूल मुकाबले में भारतीय टीम ने संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन करते हुए उरुग्वे को मात दी। शुरुआती गोल से पिछड़ने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की। स्टार ड्रैग फ्लिकर दीपिका ने दो गोल दागे, जबकि झारखंड के सिमडेगा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपिका सोरेंग ने एक महत्वपूर्ण फील्ड गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ भारत ने अमेरिका, जापान और उरुग्वे को हराकर पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया तथा सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मुकाबला भारतीय मिडफील्डर नेहा के लिए भी यादगार रहा, जिन्होंने अपना 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला।

वहीं रॉटरडैम में खेले गए एफआईएच प्रो लीग मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम ने अनुशासित खेल और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर विश्व चैंपियन जर्मनी को 3-1 से पराजित किया। भारत की ओर से मनदीप सिंह, शिलानंद लकड़ा और नीलकांत शर्मा ने गोल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

यह मुकाबला भारतीय हॉकी के दिग्गज मनप्रीत सिंह के लिए भी ऐतिहासिक साबित हुआ। उन्होंने अपना 413वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर दिलीप तिर्की के 412 मैचों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और भारत के लिए सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।

भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन पर हॉकी सिमडेगा, हॉकी झारखंड तथा प्रदेश भर के हॉकी प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई है कि भारतीय टीमें आने वाले मुकाबलों में भी इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखते हुए देश का नाम रोशन करेंगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।