16 जुलाई को जमशेदपुर में निकलेगी इस्कॉन की भव्य रथ यात्रा, हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जमशेदपुर: इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) जमशेदपुर की ओर से 16 जुलाई (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। करीब 12 माह के इंतजार के बाद आयोजित होने वाली इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन में शहर समेत आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथ यात्रा की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिर से विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा सुसज्जित रथों पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी यात्रा गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, केमिस्ट चौक और साकची बाजार चौक से गुजरते हुए शाम 7:30 बजे साकची वाहन पड़ाव स्थल पर संपन्न होगी।

रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु “हरे कृष्ण हरे राम” के संकीर्तन के साथ प्रभु के दर्शन करेंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर आरती, भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष रथ यात्रा का मुख्य आकर्षण तीन विशाल और भव्य रथ होंगे, जिन्हें फूलों, केले के पत्तों और रंग-बिरंगी सजावट से विशेष रूप से सजाया गया है। इन रथों पर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे।
इस्कॉन जमशेदपुर के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पिछले एक माह से चल रही हैं। समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार रथ यात्रा में आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा और पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो जाएगा।
















