जमशेदपुर : मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से चेन झपटी, बाइक सवार बदमाश फरार

चेन छिनने के बाद उसके पीछे दौड़ते वक्त महिला गिर पड़ी
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में गुरुवार सुबह चेन छिनतई की घटना सामने आई। मॉर्निंग वॉक पर निकली तरुण झा को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। सोनी सर्विस सेंटर के पास बदमाशों ने महिला के गले से चेन झपटी और तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।

घटना के बाद महिला ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सुबह के समय हुई इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है।
















