Jewelry shop robbed in broad daylight; miscreants fled with cash and jewelry after opening fire.

दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट, फायरिंग कर नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए बदमाश

Share
Link copied
Jewelry shop robbed in broad daylight; miscreants fled with cash and jewelry after opening fire.
Jewelry shop robbed in broad daylight; miscreants fled with cash and jewelry after opening fire.

गोड्डा: गोड्डा शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित कारगिल चौक के पास गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। तीन बदमाशों ने दुकान में घुसते ही ताबड़तोड़ फायरिंग की, दुकानदार पर हमला किया और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी बंगाल ज्वेलर्स पहुंचे। सभी ने काले कपड़े और मास्क पहन रखे थे तथा उनके हाथों में पिस्टल थी। एक बदमाश दुकान के गेट पर निगरानी करता रहा, जबकि दो अन्य अंदर घुसकर काउंटर तक पहुंचे। दुकान में प्रवेश करते ही अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की और काउंटर में रखी नकदी व जेवरात लूट लिए।

RKDF
Adv

दुकान संचालक वासुदेव राय ने जब लूट का विरोध किया तो एक अपराधी ने पिस्टल की बट से उनके माथे पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। घटना के समय दुकान में एक महिला ग्राहक और एक अन्य युवक भी मौजूद थे। वारदात के बाद सभी बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी, पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक और नगर थाना प्रभारी दिनेश महली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकानदार से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में घेराबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद कारगिल चौक और आसपास के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।