रांची के अशोक नगर में चोरी की कोशिश नाकाम, सुरक्षाकर्मी को अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से लगी गोली

रांची: राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अशोक नगर रोड नंबर-5बी में बुधवार देर रात चोरी की कोशिश के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घर में घुसने की फिराक में पहुंचे दो संदिग्ध बदमाशों को रोकने के प्रयास में एक सुरक्षाकर्मी अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली का शिकार हो गया। गंभीर रूप से घायल सुरक्षाकर्मी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी नितेश प्रियदर्शी के घर के परिसर में देर रात दो अज्ञात युवक चोरी के इरादे से घुसने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान घर की सुरक्षा में तैनात बॉडीगार्ड की नजर उन पर पड़ गई। उसने तुरंत दोनों संदिग्धों को ललकारते हुए पकड़ने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि बदमाशों को डराने और आत्मरक्षा के उद्देश्य से बॉडीगार्ड ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायर करने का प्रयास किया। लेकिन अफरा-तफरी के बीच हथियार से अचानक गोली चल गई, जो सीधे उसी के शरीर में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गोली चलने की आवाज सुनते ही दोनों संदिग्ध मौके का फायदा उठाकर अंधेरे का लाभ लेते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
















