झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मकर संक्रांति पर किया मां छिन्नमस्तिका का पूजन, बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया

झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मकर संक्रांति पर किया मां छिन्नमस्तिका का पूजन, बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया

Share
Link copied

रांची/रजरप्पा : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने आज मकर संक्रांति के पावन अवसर पर रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर में मां छिन्नमस्तिका का सपरिवार विधिवत पूजन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की।

पूजन कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, महामंत्री मनोज सिंह, सरोज सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, योगेंद्र प्रताप सिंह सहित पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारी और जिलाध्यक्ष वरुण साहू, नरेंद्र सिंह, धीरज महतो आदि मौजूद रहे।

इस अवसर पर आदित्य साहू ने चितरपुर में बजरंग दल के तीन समर्पित कार्यकर्ताओं सचिन प्रजापति, डब्लू साहू और सन्नी को प्रदेश भाजपा की ओर से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। ये कार्यकर्ता हाल ही में रांची के धुर्वा इलाके से 13 दिनों तक लापता रहे दो नाबालिग बच्चों (अंश कुमार और अंशिका) की तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए चर्चित हुए थे। बजरंग दल के इन युवाओं की सक्रियता और दिलेरी से ही बच्चों को सुरक्षित बरामद करने में सफलता मिली, जिसकी सराहना प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने की है।

सम्मान समारोह के दौरान आदित्य साहू ने कहा, “बजरंग दल जैसा राष्ट्रव्यापी संगठन के कार्यकर्ता समर्पित भाव से देश और समाज की सेवा में हमेशा जुटे रहते हैं। ये संकट मोचन बनकर आते हैं, यही इनकी असली पहचान है। जैसे बजरंगबली ने सीता जी का पता लगाकर भगवान राम को चिंता से मुक्त किया था, वैसे ही इन बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने एक मां को और पूरे प्रदेश को चिंता से मुक्त कराया है।”

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा इन कार्यकर्ताओं का सम्मान कर रही है, लेकिन राज्य सरकार को भी इन्हें उचित इनाम राशि देकर सम्मानित करना चाहिए, ताकि ऐसे समाजसेवी प्रयासों को और प्रोत्साहन मिले।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow