लोहरदगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुडू थाना क्षेत्र में जनरल स्टोर से 45 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद, दुकान मालिक अजीत भगत गिरफ्तार
लोहरदगा : लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक जनरल स्टोर से कुल 45 बोतल विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब जब्त की है। दुकान मालिक अजीत भगत को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को 2 फरवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम लावागाई बड़काटोली स्थित अजीत भगत के सचीन जनरल स्टोर में अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अजीत कुमार कुडू को वरीय अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी कुडू, सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार सिन्हा एवं सशस्त्र बल की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की। स्टोर के फ्रिज में छिपाकर रखी गई विभिन्न कंपनियों की 45 शराब की बोतलें बरामद हुईं।
इस मामले में स्टोर मालिक अजीत भगत (पिता श्यामदेव भगत) को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद शराब एवं आरोपी को सशस्त्र बल की सुरक्षा में थाने लाया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान जारी है। यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर अवैध मदिरा के कारोबार को रोकने में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। जांच जारी है।


















