पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार
मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू पुलिस ने दुबई से संचालित हो रहे कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को झटका देते हुए उसके एक शूटर को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरूख अली (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शहर थाना क्षेत्र के हुसैन नगर पहाड़ी मुहल्ले का रहने वाला है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 01 जनवरी 2026 की रात कोयल नदी किनारे ओवर ब्रिज के नीचे चलाए जा रहे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। चेकिंग देखकर भागने की कोशिश कर रहे एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH14D 6668) सवार को पुलिस टीम ने खदेड़कर पकड़ा। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।
गहन पूछताछ में शाहरूख अली ने खुलासा किया कि वह प्रिंस खान के सीधे संपर्क में था। कुछ दिन पहले प्रिंस खान ने पंचमुहान क्षेत्र के सोना व्यवसायी रंजीत कुमार सोनी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर दहशत फैलाने के लिए दुकान या व्यवसायी पर फायरिंग की योजना थी। इस साजिश में पहले दो आरोपी पुलिस द्वारा गिरफ्तार हो चुके हैं।
शाहरूख ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार मो. आतीफ खान (गौसिया मदरसा पहाड़ी मुहल्ला निवासी) के माध्यम से प्रिंस खान से जुड़ा था। इस काम के बदले आतीफ खान ने उसे प्रिंस खान से 30,000 रुपये दिलाने का वादा किया था। उल्लेखनीय है कि आतीफ खान ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर प्रिंस खान से अपनी बातचीत की स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी पोस्ट की थी।
गिरफ्तार आरोपी शाहरूख अली का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। उसके खिलाफ शहर थाना में कांड संख्या 305/2024 दर्ज है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं। आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद किया गया है।


















