रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, 4 देसी पिस्टल और 82 जिंदा कारतूस बरामद

रामगढ़: रामगढ़ पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त अभियान में कुख्यात अपराधी शिवराज राम उर्फ शिवा डोम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान हथियार बरामदगी के लिए ले जाने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, शिवराज राम ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। वह पहले भी कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है और विभिन्न आपराधिक गिरोहों से जुड़ा रहा है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसी अभियान के तहत मांडू (कुज्जू) पुलिस ने आरिज आलम उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर से 2 देसी पिस्टल, 4 मैगजीन और 21 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि ये हथियार शिवराज राम ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए उपलब्ध कराए थे। आरोपी का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।
दोनों मामलों में पुलिस ने अब तक कुल 4 देसी पिस्टल, 8 मैगजीन, 82 जिंदा कारतूस, 1 पिस्टल होल्स्टर और 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

















