रांची के लीवी बार एंड रेस्टोरेंट में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका

रांची: राजधानी रांची के करमटोली चौक स्थित Levi Bar & Restaurant में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा रेस्टोरेंट जलकर खाक हो गया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
रेस्टोरेंट के मालिक के अनुसार, उन्हें सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि रेस्टोरेंट में आग लग गई है। उस समय रेस्टोरेंट के कुछ कर्मचारी अंदर ही सो रहे थे, लेकिन आग की जानकारी मिलते ही सभी सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्टोरेंट का मेन गेट तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

















